लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (टोंक): (रिपोर्ट: दुर्योधन मयंक) ककोड़ ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।
चौपाल की अध्यक्षता देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर ने की। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, बजरी, बिजली और राजस्व से जुड़ी कई शिकायतें प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर टीना डाबी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी ली और कई मामलों का मौके पर समाधान करवाया। अधिकारियों को शेष समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
विधायक राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि सरकार द्वारा रात्रि चौपाल और जनसुनवाई जैसी व्यवस्थाएं ग्रामीणों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए शुरू की गई हैं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
इस अवसर पर सरपंच रामबिलास गुर्जर ने विधायक और जिला कलेक्टर का स्वागत माला एवं गुलदस्ते से किया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला-पुरुष और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।























































