राजस्थान में कृषि अवसंरचना योजना से 1806 परियोजनाओं का विकास: राठौड़

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित कृषि अवसंरचना निधि योजना देश सहित राजस्थान में कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत बड़े पैमाने पर कृषि ढांचे का विकास किया जा रहा है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।

राठौड़ ने जानकारी दी कि 11 मार्च 2026 तक देशभर में 1,70,241 परियोजनाओं के लिए लगभग 84,502.78 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 62,219.10 करोड़ रुपए का वितरण भी किया जा चुका है।

राजस्थान में 1806 परियोजनाओं का विकास

उन्होंने विशेष रूप से राजस्थान का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य में कृषि अवसंरचना के विकास के तहत कुल 1,806 परियोजनाएं स्थापित की गई हैं, जिनमें शामिल हैं—

  • 753 वेयरहाउस (गोदाम)
  • 69 कोल्ड स्टोरेज एवं कोल्ड चेन सुविधाएं
  • 984 प्राथमिक प्रोसेसिंग केंद्र

यह ढांचा किसानों को उपज के बेहतर भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन में सहायता प्रदान कर रहा है।

राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ के प्रश्न के जवाब में कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने यह जानकारी संसद में दी।

किसानों की आय में बढ़ोतरी का दावा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) अहमदाबाद के अध्ययन के अनुसार इस योजना के प्रभाव से फसलोत्तर नुकसान में औसतन 5 से 15 प्रतिशत तक कमी आई है। इसके साथ ही बेहतर लॉजिस्टिक्स और अवसंरचना के कारण किसानों की बाजार तक पहुंच में 10 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है।

उन्होंने बताया कि लगभग 63 प्रतिशत लाभार्थी किसानों को बेहतर भंडारण, ग्रेडिंग और विपणन सुविधाओं के कारण 11 से 25 प्रतिशत तक अधिक मूल्य प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह योजना राजस्थान की कृषि अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here