प्रशासनिक लापरवाही से ग्रामीण परेशान, बगड़ी में मुख्य रास्ते पर अतिक्रमण

0
38
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

पीपलू। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बगड़ी में प्रशासनिक अनदेखी और स्थानीय अधिकारियों की लापरवाही का मामला सामने आया है। गांव में राजीव गांधी सेवा केंद्र के पास मुख्य रास्ते पर अतिक्रमण कर गोबर के ढेर लगाए जाने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार कुछ लोगों द्वारा रास्ते के बीचों-बीच गोबर की रेवड़ियां डाल दी गई हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। सरकारी भवन के समीप फैली गंदगी और अतिक्रमण के कारण किसानों, पशुपालकों तथा राहगीरों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

रास्ता संकरा, दुर्घटना और बीमारी का खतरा

मुख्य रास्ते पर गोबर और कचरे के ढेर होने से सड़क संकरी हो गई है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को निकलने में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश और तेज हवाओं के दौरान हालात और खराब हो जाते हैं।

गंदगी के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अतिक्रमण हटाकर रास्ते की सफाई करवाने की मांग की है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here