लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्थान के 8 स्टेशन शामिल
नागौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर से देशभर में पुनर्विकसित 75 अमृत रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इनमें राजस्थान के 8 अमृत स्टेशन भी शामिल हैं। यह कार्यक्रम ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नागौर जिले के गोटन रेलवे स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना से रेलवे अवसंरचना को नई पहचान मिलेगी और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार, विधायक लक्ष्मण कलरू, रेवंत राम डांगा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी, दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्थाओं, आकर्षक वास्तुशिल्प और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।



















































