लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूखुर्द-सैसड़ा में ब्लॉक टीम ने किया निरीक्षण
पादूकलां (नागौर)। राज्य सरकार के प्लास्टिक मुक्त राजस्थान अभियान-2026 के तहत रियांबड़ी ब्लॉक प्रशासन ने गांवों में निगरानी और जागरूकता गतिविधियों को तेज कर दिया है। मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय टीम ने पादूखुर्द और सैसड़ा ग्राम पंचायतों का दौरा कर अभियान की प्रगति तथा स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी एवं सहायक अभियंता राकेश कुमार महरिया ने ग्रामीणों से सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा घरों में कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने की अपील की। अधिकारियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर पादूखुर्द प्रशासक रामनिवास चौधरी, ग्राम विकास अधिकारी हंसराज मीणा, कनिष्ठ सहायक ओमाराम सोमरवाल, सैसड़ा की कनिष्ठ सहायक दुर्गादेवी तथा ब्लॉक समन्वयक रामकिशोर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने गांवों को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।





















































