लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक लक्ष्मणराम कलरू ने किया भूमि पूजन और शिलान्यास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जगी उम्मीद
पादूकलां (नागौर)। पादूकलां कस्बे में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन से हुई। समारोह संत-महात्माओं के सान्निध्य में आयोजित किया गया, जिसमें रानाबाईजी महाराज मंदिर के महंत पांचारामजी महाराज एवं जोगेश्वरधाम के महंत पर्वतनाथजी महाराज विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक लक्ष्मणराम कलरू ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि भवन बनने के बाद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और अधिक मजबूत होगा। इससे पादूकलां सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
समारोह में उप जिला प्रमुख शोभाराम जयपाल, पूर्व विधायक सुखराम नेतड़िया, पादूकलां प्रशासक प्रतिनिधि शिवजीराम फिरोडा, ईश्वरचंद शर्मा सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भामाशाह इंद्रचंद सांड, रमेशकुमार सांड, अशोककुमार सांड एवं पवनकुमार सांड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर खुशी जताई।
स्थानीय लोगों का मानना है कि नए भवन के निर्माण से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी। यह परियोजना पादूकलां क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।





















































