लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर।(रूपनारायण सांवरिया) सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारियों को लेकर सिविल लाइंस ब्लॉक एवं बनीपार्क ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं संगठन से जुड़े लोग जुटे। कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी और उत्साह के चलते बैठक कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन में बदल गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर कहा कि वार्ड के बाहरी प्रत्याशियों तथा वार्ड में कांग्रेस के खिलाफ काम करने वालों को टिकट नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस के प्रति वफादारी, संगठन के लिए संघर्ष और चुनाव जीतने की योग्यता ही कांग्रेस प्रत्याशी के चयन का प्रमुख आधार होगी।
खाचरियावास ने कहा कि जयपुर के किसी भी वार्ड में वर्तमान पार्षदों को मनमाने तरीके से वार्ड बदलकर चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो कार्यकर्ता अपने वार्ड में कांग्रेस के लिए लगातार काम करता रहा है और जनता के बीच मजबूत पकड़ रखता है, उसी को प्रत्याशी बनाने में प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में युवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। पिछले ढाई वर्षों से भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलनों, धरना-प्रदर्शनों और जनहित के संघर्षों में सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और अवसर दिया जाएगा। साथ ही लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में ईमानदारी और निष्ठा के साथ कांग्रेस के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को भी टिकट में प्राथमिकता मिलेगी।
खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्याशी वही होना चाहिए जो मुश्किल समय में पार्टी के साथ खड़ा रहा हो, जनता के बीच सक्रिय रहा हो और चुनाव जीतने की क्षमता रखता हो। चुनाव के समय अचानक सक्रिय होने वाले या बाहर से आने वाले लोगों के बजाय वर्षों से कांग्रेस के लिए मेहनत कर रहे कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिलना चाहिए।
जयपुर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए खाचरियावास ने कहा कि जयपुर की जनता ट्रैफिक जाम में फंसी हुई है, सड़कें टूटी हुई हैं और शहर की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। इसके बावजूद नगर निगम जनता से कचरा उठाने के नाम पर हजारों रुपये की मांग कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जब पानी और बिजली के बिलों में पहले से ही विभिन्न प्रकार के चार्ज लिए जा रहे हैं, तो उसके बाद यूजर चार्ज के नाम पर कचरा उठाने के लिए अलग से पैसा मांगना जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। बिजली के बिलों के साथ सर्विस चार्ज की पर्चियां देना भी गलत है।
खाचरियावास ने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई वर्ष के शासन में जनता महंगाई, बेरोजगारी, टैक्स और बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान है। जयपुर की जनता का समर्थन कांग्रेस को मिल रहा है और आने वाले नगर निगम एवं पंचायत चुनावों में जनता भाजपा सरकार के कुशासन का जवाब वोट की ताकत से देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे तथा जयपुर सहित पूरे राजस्थान में कांग्रेस की जीत का परचम लहराएंगे।




















































