पादूकलां में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का भव्य स्वागत, ग्रामीणों ने रखीं विकास की मांगें

0
36
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पादूकलां राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के एक दिवसीय दौरे के दौरान पादूकलां क्षेत्र में उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। मेडता सिटी जाते समय वे कुछ देर प्रधान निवास पर रुकीं, जहां कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात की।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा, माला और चुनरी ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।

ग्रामीणों ने रखीं प्रमुख मांगें

दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने पादूकलां में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निर्माण और पादूकलां से जोगलाई धाम (जोगेश्वर) तक पक्की सड़क बनाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने इन दोनों कार्यों को क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक बताया।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत अरनियाला के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-458 (NH-458) के गांव की आबादी के बीच से गुजरने को लेकर चिंता जताई। पूर्व सरपंच सहदेव बेड़ा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि हाईवे की जद में उप स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, पंचायत भवन, बस स्टैंड, तालाब सहित करीब 100 मकान आ रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने गांव के बाहर से बाईपास सड़क निर्माण की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में परेशानी होती है। बाईपास बनने से इस समस्या से राहत मिल सकती है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि निर्माण के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पादूकलां थाना क्षेत्र के सीआई उमाशंकर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा, वहीं थांवला क्षेत्र से भी अतिरिक्त जाब्ता लगाया गया।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि उपमुख्यमंत्री के दौरे से क्षेत्रीय विकास कार्यों को गति मिलेगी।

इस अवसर पर जोगेश्वर धाम के मंहत योगी पर्वत नाथजी महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here