लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आरोपी गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम से इनकार
पादूकलां (नागौर) – थाना क्षेत्र के पालड़ी गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और शव के लापता अंगों की बरामदगी की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया है और साफ तौर पर पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
झाड़ियों में मिला टुकड़ों में शव
जानकारी के अनुसार पालड़ी निवासी नाथी देवी (75) रविवार सुबह घर से बाजार के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। सोमवार को पंचरड़ा गांव के कांकड़ क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक प्लास्टिक कट्टे में उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
शव से कुछ दूरी पर कटे पैर मिले, जबकि सिर और हाथों के पंजे अब तक लापता हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया।
लूट या साजिश? दोनों एंगल पर जांच
परिजनों के अनुसार मृतका के पास करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर थे, जो घटना के बाद गायब हैं। ऐसे में पुलिस पहले लूट के एंगल से जांच कर रही थी, लेकिन अब साजिश की आशंका भी जताई जा रही है।
मोर्चरी के बाहर धरना, पोस्टमार्टम रुका
मामले को लेकर मंगलवार को डेगाना के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर परिजन धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि:
-
पहले आरोपियों की गिरफ्तारी हो
-
शव के सभी कटे अंग बरामद किए जाएं
-
उसके बाद ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा
परिजनों ने नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग की। मृतका के रिश्तेदार कमल बावरी ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सख्त सजा दिलाने की मांग की।
पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बड़े स्तर पर सर्च अभियान शुरू किया है।
-
100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
-
10–12 थानों का जाब्ता
-
डॉग स्क्वॉड और ड्रोन टीम भी शामिल

दो संदिग्ध हिरासत में
नागौर एसपी रोशन मीणा ने बताया कि मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस लूट और साजिश दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।
धरने के चलते अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम के नेतृत्व में प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द खुलासे का दावा कर रहा है।




















































