लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तकनीकी शिक्षा और रिसर्च को मिलेगा नया आयाम
फैकल्टी ट्रेनिंग, संयुक्त शोध, विद्यार्थियों की इंटर्नशिप, स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने पर सहमति
बीकानेर। उच्च तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (NITTTR), चंडीगढ़ और बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (BTU), बीकानेर के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) हुआ है। समझौते पर NITTTR चंडीगढ़ में आयोजित एक समारोह के दौरान हस्ताक्षर किए गए।
यह एमओयू भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित NITTTR चंडीगढ़ और बीटीयू के बीच शैक्षणिक एवं तकनीकी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फैकल्टी ट्रेनिंग से लेकर स्टार्टअप तक सहयोग
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि एमओयू के तहत दोनों संस्थानों के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा। इनमें संकाय सदस्यों के संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम, अनुसंधान गतिविधियां, विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप, स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना प्रमुख हैं।
इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक और तकनीकी गतिविधियों में भी दोनों संस्थान एक-दूसरे का सहयोग करेंगे। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को तकनीकी क्षेत्र में नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
दोनों संस्थानों के अधिकारी रहे मौजूद
एमओयू हस्ताक्षर समारोह में NITTTR चंडीगढ़ के निदेशक प्रो. भोलाराम गुर्जर, अधिष्ठाता डॉ. सी. रामाकृष्णा और डॉ. मीनाक्षी सूद मौजूद रहे।
वहीं बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से अधिष्ठाता डॉ. गणेश प्रजापत, डॉ. ऋतुराज सोनी और डॉ. रानूलाल चौहान ने सहभागिता की।
कुलगुरु बोले- तकनीकी शिक्षा और शोध को मिलेगी मजबूती
बीटीयू के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने एमओयू पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस समझौते से विश्वविद्यालय में तकनीकी शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण और नवाचार को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व में किए गए एमओयू के तहत चल रही विभिन्न शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि आईआईटीएम, पुणे के साथ हुए एमओयू के तहत जल्द ही विश्वविद्यालय परिसर में क्लाइमेट रेफरेंस स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा सीईईआरआई, पिलानी के साथ हुए समझौते के तहत यूजी इंजीनियरिंग विद्यार्थियों के लिए विशेष तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
BITS Pilani के साथ संयुक्त रिसर्च प्रोजेक्ट पर काम
कुलगुरु ने बताया कि विश्वविद्यालय के एक संबद्ध महाविद्यालय द्वारा BITS Pilani के साथ किए गए एमओयू के अंतर्गत संयुक्त रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर भी काम जारी है। इन पहलों से शोध, नवाचार और उद्योग-अकादमिक सहयोग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बीटीयू और NITTTR चंडीगढ़ के बीच हुआ नया एमओयू विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, शोध एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


















































