लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एक साथ 5 बच्चों के मेडिकल कॉलेज पहुंचने के मामले की जांच तेज
जयपुर/जमवा रामगढ़। (नितिन मेहरा, वरिष्ठ संवाददाता राजस्थान) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने कथित NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला की जांच में राजस्थान से बड़ी कार्रवाई करते हुए जमवा रामगढ़ निवासी बीवाल परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश बीवाल, उनके भाई मांगीलाल बीवाल तथा मांगीलाल के बेटे विकास बीवाल शामिल हैं।
एक ही परिवार के 5 बच्चों के चयन से बढ़ा शक
जांच एजेंसियों के अनुसार बीते वर्ष बीवाल परिवार के पांच बच्चों ने एक साथ नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर देश के अलग-अलग सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्राप्त किया था। एक ही परिवार के इतने बच्चों के एक साथ मेडिकल कॉलेजों में चयन ने जांच एजेंसियों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस सफलता के पीछे किसी संगठित पेपर लीक नेटवर्क या सॉल्वर गैंग की भूमिका थी।
पेपर लीक नेटवर्क से कनेक्शन की जांच
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कथित परीक्षा साठगांठ में कितना आर्थिक लेन-देन हुआ और किन-किन लोगों की इसमें भूमिका रही।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि आरोपियों के संबंध देशभर में सक्रिय कथित पेपर लीक गिरोहों और कोचिंग नेटवर्क से जुड़े थे या नहीं।
शिक्षा जगत में मची हलचल
इस कार्रवाई के बाद राजस्थान के शिक्षा और कोचिंग क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है। मामले को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा जारी है और अब जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

















































