लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष, पूर्व पार्षद सहित कई सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
जयपुर।(रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में रविवार को नागौर जिले के कई प्रमुख सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी नवागंतुकों को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, डेगाना के पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा, किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा, प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इन नेताओं ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता
भाजपा में शामिल होने वालों में कुचेरा के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पुष्पराज टाक, सोहन टाक, पूर्व पार्षद नेमाराम मणिया, रामरतन डूकिया, शिम्भुराम लोमरोड़, जगदीश गहलोत, राम मेघवाल, भूराराम टाक, नेनाराम बागड़ी, प्रेमसुख कड़वासरा, धन्ना खां तैली, वाइत खां, रावतराम रेगर, मेहराम गहलोत, मनोहर आचार्य, सुमर महिया, जोधाराम डूकिया और गुलाब चंद शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लिया निर्णय
नवागत कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। भाजपा की नीतियों और योजनाओं से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
संगठन को मिलेगी नई मजबूती
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि नागौर जिले के अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं के भाजपा से जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवागत कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सदस्यता ग्रहण करने वाले कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की विचारधारा के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए नागौर जिले में संगठन को मजबूत बनाने तथा “विकसित भारत-विकसित राजस्थान” के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




















































