लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाई माधोपुर के वजीरपुर क्षेत्र की घटना, जान से मारने की नीयत से फायरिंग का आरोप
गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर | बनी सिंह मीना
सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर थाना क्षेत्र के मीना बड़ौदा गांव में शनिवार देर रात एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फायरिंग के दौरान घर के बाहर खड़ी भैंस को छह गोलियां लग गईं, जबकि परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 16 अगस्त की रात करीब 12:27 बजे की है। पीड़िता सीमा मीना ने वजीरपुर थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपने घर पर सो रही थी। अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली। जब उसने दरवाजा खोलकर देखा तो बाहर कई लोग मौजूद थे।
दरवाजा खोलते ही फिर चली गोली
पीड़िता का आरोप है कि बाहर मौजूद लोगों में सियाराम पुत्र छाजू मीना, अमर सिंह पुत्र छाजू मीना, विकास पुत्र औतार, विकास पुत्र हरिमन मीना, मोहित पुत्र रामकिशन, डैनी पुत्र इन्द्राज सहित अन्य लोग शामिल थे। दरवाजा खुलते ही आरोपियों ने दोबारा फायरिंग शुरू कर दी।
घबराकर उसने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया और खिड़की से बाहर देखा। आरोप है कि इस दौरान कुछ आरोपी लगातार फायरिंग कर रहे थे और परिवार को निशाना बना रहे थे।
परिवार के सामने ढाल बनी भैंस
रिपोर्ट के अनुसार, फायरिंग के दौरान घर के सामने खड़ी भैंस बीच में आ गई, जिससे उसे छह गोलियां लगीं। पीड़िता का कहना है कि यदि भैंस बीच में नहीं आती तो गोलियां उसे या उसके परिवार के अन्य सदस्यों को लग सकती थीं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए।
गाड़ी से आए थे आरोपी, अंधेरे में फरार
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी RJ-25-UA-5676 नंबर की गाड़ी से आए थे। शोर-शराबा सुनकर गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता सीमा मीना पुत्री घासीराम मीना, निवासी मीना बड़ौदा की रिपोर्ट पर वजीरपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने धारा 325, 189(2) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई प्रहलाद मीना को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

















































