लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गहलोत ने अपने तीनों कार्यकाल में प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के बजाय गांधी परिवार को खुश करने में अधिक समय लगाया।
राठौड़ ने कहा कि गहलोत ने अपनी राजनीतिक ऊर्जा आकाओं को संतुष्ट करने और अपने पुत्र को राजनीति में स्थापित करने में लगाई, जबकि जनता के सरोकारों और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे शासनकाल के बावजूद गहलोत का गृह जिला भी कई मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने गहलोत के जनप्रतिनिधियों को “घोड़े, गधे, भैंस और बकरी” कहने वाले बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उनके अनुसार जनप्रतिनिधि बिक गए थे, तो अपनी पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
राठौड़ ने कहा कि प्रदेश की जनता अब विकास, सुशासन और जवाबदेही की राजनीति को समर्थन दे रही है तथा कांग्रेस की अवसरवादी राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी जनता विकासोन्मुखी राजनीति के पक्ष में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करेगी।

















































