लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
केसरीमल मेवाड़ा
मांडलगढ़। मांडलगढ़ उपखण्ड क्षेत्र में 77वां गणतंत्र दिवस त्रिवेणी क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम राजकीय प्राथमिक विद्यालय देवीसिंह जी खेड़ा के खेल मैदान में आयोजित हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि सरपंच हरजीलाल रायका रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। सरपंच रायका ने क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक एवं लोक कलाओं के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, देश की एकता तथा संविधान के मूल्यों का संदेश दिया गया, जिसकी ग्रामवासियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
समारोह में श्रेष्ठ प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष भेरूलाल दरोगा सहित अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में सरपंच हरजीलाल रायका ने कहा कि भारतीय संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।
कार्यक्रम का संचालन केसरीमल मेवाड़ा, अध्यक्ष प्रेस क्लब सेवा संस्थान मांडलगढ़ द्वारा ओजस्वी एवं गरिमामय ढंग से किया गया। विद्यालय की संस्था प्रधान लाड देवी द्वारा कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का राजस्थानी पगड़ी एवं दुपट्टा भेंट कर स्वागत-सम्मान किया गया।
इस अवसर पर शिक्षिका बीना प्रजापति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुशीला मीणा, समाजसेवी आशीष प्रजापति, ग्रामवासी गोपाललाल दरोगा, मगनलाल मीणा, लालाराम मीणा, गोरधन दरोगा, महेंद्र दरोगा, महेंद्र मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा, जिससे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति, एकता और समर्पण की भावना और अधिक सशक्त हुई।
इसी प्रकार त्रिवेणी क्षेत्र के मंडी गुंसाई, जोजवा, पिताजी का खेड़ा, कीरो की झोपड़ियां, बरुखेड़ा, मुकनपुरिया, खाचरोल, होड़ा सहित अन्य विद्यालयों में भी गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।















































