लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
क्षेत्र के अलीगढ़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में छात्रों को तनाव प्रबंधन, कैरियर मार्गदर्शन तथा नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता बीसीएमओ डॉ. मनीष लोदी ने परीक्षा के दौरान अत्यधिक तनाव से बचने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों को कैरियर से जुड़े निर्णय लेने में सही मार्गदर्शन प्राप्त करने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आग्रह किया। इसी दौरान उपस्थित छात्रों और विद्यालय स्टाफ को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
अलीगढ़ के सीएचसी प्रभारी डॉ. गिरीश कटारिया ने बताया कि भारत सरकार के मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 उपलब्ध है, जिस पर नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
वहीं डॉ. मोहम्मद हाशिम ने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने नियमित 7–8 घंटे की नींद, पौष्टिक आहार, रोजाना 3–4 लीटर तरल पदार्थ का सेवन, परिवार व मित्रों के साथ समय बिताना, सकारात्मक सोच, अच्छा संगीत सुनना, अंधविश्वास से दूर रहना, नियमित व्यायाम और प्रतिदिन 10 मिनट ध्यान लगाने जैसी आदतों को तनाव कम करने में सहायक बताया। साथ ही रचनात्मक गतिविधियों में शामिल होने की भी सलाह दी।
सेमिनार में डॉ. रामजीलाल, डॉ. मधुसूदन शर्मा, प्रधानाचार्य संजय कुमार महावर, राकेश गुर्जर सहित विद्यालय के कार्मिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

















































