लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कैंपस नर्सरी स्कूल में माताओं और बच्चों के लिए जागरूकता और आत्मरक्षा सत्र
जयपुर (आर एन सांवरिया) | लोक टुडे न्यूज नेटवर्क।
राजस्थान पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत समाज में सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए शनिवार को एक विशेष पहल की। राजस्थान विश्वविद्यालय के कैंपस नर्सरी स्कूल और महिला अध्ययन केंद्र के सहयोग से “एक माँ को सशक्त बनाएं, एक पीढ़ी को सशक्त बनाएं” विषय पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं और बच्चों को कानूनी अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था, साथ ही उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना भी था। कार्यक्रम का आयोजन जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राजस्थान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अल्पना कटेजा के संरक्षण में हुआ। उन्होंने कहा कि “एक सशक्त माँ ही सुरक्षित समाज की नींव रख सकती है। जब माताएं जागरूक होंगी, पूरा परिवार और आने वाली पीढ़ी सुरक्षित रहेगी।”
पुलिस अधिकारियों ने सिखाए सुरक्षा के ‘स्मार्ट’ तरीके
सत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सामुदायिक पुलिसिंग सुनीता मीणा और पुलिस निरीक्षक इंद्रा अहलावत ने माताओं और बच्चों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसमें शामिल थे:
-
गुड टच-बैड टच: बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना सिखाया गया।
-
सेल्फ डिफेंस: दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली आत्मरक्षा तकनीकें बताई गईं।
-
सड़क सुरक्षा: ट्रैफिक नियमों का पालन और सड़क पर सतर्क रहने के व्यावहारिक टिप्स साझा किए गए।
शिक्षा संस्थानों की भूमिका
कार्यक्रम में कैंपस नर्सरी स्कूल की निदेशिका डॉ. पारुल मित्तल और महिला अध्ययन केंद्र की निदेशिका प्रो. नूपुर माथुर ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। डॉ. पारुल मित्तल ने बताया कि स्कूल स्तर पर ऐसे प्रशिक्षण से बच्चों और अभिभावकों में आत्मविश्वास बढ़ता है। कार्यक्रम में कैंपस स्कूल सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने भी भाग लिया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
सत्र के दौरान माताओं और बच्चों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और आत्मरक्षा गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उपस्थित माताओं ने इस पहल को प्रेरणादायक बताया और कहा कि पुलिस अब उनके लिए मित्र और मददगार के रूप में स्थापित हुई है।















































