किसानों से संवाद और जल संरक्षण को लेकर होंगे विशेष कार्यक्रम- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

0
15
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

गंग नहर शताब्दी समारोह को लेकर अहम बैठक
शताब्दी समारोह को बनाएं जन जागरुकता अभियान 
26 अक्टूबर से वर्षभर होंगे भव्य आयोजन
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पश्चिमी राजस्थान की जीवन रेखा गंग नहर के निर्माण के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शताब्दी समारोह को लेकर महत्वपूर्ण बैठक ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि गंग नहर के शिवपुर हेड सहित सभी प्रमुख हेड रेगुलेटर्स पर नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही, गंग नहर प्रणाली से जुड़े क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए पूरे वर्ष गतिविधियों का संचालन किया जाए।
शताब्दी समारोह श्रृंखला के तहत नहर क्षेत्र की 12 अनाज मंडियों में किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम भी शामिल है। इनमें किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीक, ड्रिप सिस्टम और जल संरक्षण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही नहरों की साफ-सफाई, उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल उपयोगकर्ता संगठनों के अध्यक्षों का सम्मान एवं जन जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इसके अलावा, साइकिल रैली, जल संरक्षण विषय पर नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि गंग नहर शताब्दी समारोह जनभागीदारी और जागरुकता का व्यापक अभियान बन सके।
उल्लेखनीय है कि 5 दिसम्बर 1925 को महाराजा गंगासिंह द्वारा गंगनहर का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया था तथा 26 अक्टूबर 1927 को गंगनहर की शिवपुर हेड में पहली बार पानी आया था। इसी उपलक्ष्य में 26 अक्टूबर 2026 से 26 अक्टूबर 2027 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन विभाग अभय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here