खुड़ी कला के 16 ग्रामीणों को नोटिस, विधायक किलक से लगाई गुहार

0
32
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर/डेगाना (प्रदीप कुमार डागा)। उपखंड क्षेत्र के खुड़ी कला गांव में प्रशासन द्वारा जारी किए गए नोटिसों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल है। उपखंड मजिस्ट्रेट डेगाना न्यायालय की ओर से बीएनएसएस की धारा 126 एवं 135 के तहत गांव के 16 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।

नोटिस में संबंधित व्यक्तियों से शांति भंग होने की आशंका जताते हुए उन्हें 7 मई 2026 को उपखंड मजिस्ट्रेट न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एक वर्ष तक शांति बनाए रखने के लिए बंध पत्र एवं जमानत प्रस्तुत करने के आदेश भी दिए गए हैं।

नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों में असंतोष फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि वे शांतिप्रिय लोग हैं और बिना पर्याप्त सुनवाई के इस प्रकार की कार्रवाई से गांव में भय का वातावरण बन गया है।

मामले को लेकर ग्रामीण विधायक अजय सिंह किलक के जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचे और प्रशासनिक कार्रवाई पर गहरी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने विधायक से हस्तक्षेप कर राहत दिलाने की मांग की। विधायक अजय सिंह किलक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद मामले को प्रशासन के समक्ष उठाने तथा उचित समाधान का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों का कहना था कि प्रशासन को पहले आपसी समझाइश एवं संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए था, ताकि गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।

सूत्रों के अनुसार गांव में प्रस्तावित सामुदायिक अस्पताल भवन के लिए आवंटित भूमि के आसपास हुए अतिक्रमण को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि सभी गांववासी अस्पताल भवन निर्माण में सहयोग कर रहे हैं। विधायक किलक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल भवन आवंटित भूमि पर ही स्वीकृत नक्शे के अनुसार बनाया जाएगा। विधायक के इस आश्वासन के बाद ग्रामीण संतुष्ट नजर आए।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here