लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर।
हलैना क्षेत्र में जनगणना कार्य में लगे एक शिक्षक की देर रात हृदय गति रुकने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ तहसील के गांव ढाका की ढाणी निवासी 39 वर्षीय भवानी सिंह जाट पुत्र हेमाराम जाट राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बेवर में कार्यरत थे। गुरुवार को वह जनगणना कार्य के सिलसिले में बेवर क्षेत्र में ड्यूटी पर थे।
देर शाम कार्य समाप्त कर जब वह हलैना लौटे तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। मकान मालिक और आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार को मृतक शिक्षक के परिजन हलैना पहुंचे और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मामले को लेकर क्षेत्र में विभिन्न चर्चाएं हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी और लगातार कार्य के दौरान शिक्षक हीट स्ट्रोक का शिकार हो सकते हैं, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

















































