लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर | (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर में जनगणना 2027 के तहत आयोजित फील्ड ट्रेनरों के त्रि-दिवसीय प्रशिक्षण के समापन सत्र में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी चम्पालाल जीनगर ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
जानकारी पूरी तरह गोपनीय
उन्होंने स्पष्ट किया कि 16 मई से 14 जून तक चलने वाले फील्ड कार्य के दौरान आमजन द्वारा दी गई सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार के दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी।
योजनाओं के लिए होगा उपयोग
जनगणना के दौरान जुटाए गए आंकड़ों का उपयोग आगामी वर्षों में राष्ट्रीय विकास योजनाओं और नीति निर्धारण के लिए किया जाएगा। उन्होंने प्रगणकों को निर्देश दिए कि वे पहचान पत्र साथ रखें, शालीन व्यवहार बनाए रखें और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करें।
स्वगणना पोर्टल की सुविधा
जनगणना निदेशालय, जयपुर से नियुक्त जिला समन्वयक डी. आर. गांधी ने बताया कि 1 मई से 15 मई के बीच नागरिक सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें एक रेफरेंस आईडी मिलेगी, जिसे प्रगणकों को देना होगा।
प्रशिक्षण और फील्ड अभ्यास
प्रशिक्षण प्रभारी संजय कुमार सोनी ने कहा कि प्रशिक्षक प्रगणकों की शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करें ताकि कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।
समापन दिवस पर गोगेलाव, बालवा और राजपूत कॉलोनी क्षेत्रों में फील्ड अभ्यास भी कराया गया।
अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि सटीक और सही आंकड़े ही प्रभावी योजनाओं का आधार बनते हैं, इसलिए जनगणना कार्य को राष्ट्रहित में गंभीरता से किया जाए।





















































