लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जाटव समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी
करौली/हिंडौन सिटी। संवाददाता – चरण सिंह डागुर
हिंडौन सिटी के जाटव बस्ती चुंगी क्षेत्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा के पास संचालित शराब की दुकान को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों और जाटव समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला।
उपखंड अधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन
जाटव समाज सुधार समिति के नेतृत्व में जाटव बस्ती हिंडौन के युवाओं ने उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान की लोकेशन तत्काल बदलने की मांग की।
समिति के अध्यक्ष हरिओम ठेकेदार के नेतृत्व में दिया गया यह ज्ञापन तहसीलदार हिंडौन, पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षु श्रेष्ठ दीक्षित और आबकारी विभाग को सौंपा गया।
“सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक खुलता है ठेका”
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शराब की दुकान सुबह करीब 5 बजे से रात 11 बजे तक संचालित रहती है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं, बच्चों और आमजन को इससे लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन
समिति पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर शराब दुकान की लोकेशन नहीं बदली गई तो क्षेत्र की महिलाएं फिर से आंदोलन शुरू करेंगी और यह प्रदर्शन पहले से अधिक उग्र हो सकता है।
पहले भी हुआ था रोड जाम
बताया गया कि इसी मुद्दे को लेकर पूर्व में क्षेत्र की महिलाओं ने करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान हरिओम ठेकेदार दिल्ली जाते समय मुंबई एक्सप्रेस-वे से वापस लौटकर मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाइश देकर मामला शांत कराया था।
मौके पर पहुंचा प्रशासन
विरोध प्रदर्शन की सूचना पर आबकारी विभाग, कई थानों की पुलिस तथा तहसीलदार हिंडौन मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
ज्ञापन सौंपने वालों में गौरव, रजत, मुकेश, वीरेंद्र सहित जाटव समाज के कई लोग मौजूद रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।





















































