लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । भजन लाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई में प्रदेशभर से आए आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश देकर परिवादियों को राहत प्रदान की।
जनसुनवाई में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, विशेष योग्यजनों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
“जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच विश्वास का माध्यम”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जनसुनवाई आमजन और शासन के बीच विश्वास और संवाद का प्रभावशाली माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा ऐसी पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि परिवेदनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर समाधान से खुश दिखे परिवादी
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवादियों से व्यक्तिगत संवाद भी किया और कई समस्याओं का हाथोंहाथ समाधान कराया। आमजन अपनी समस्याओं के त्वरित निस्तारण से संतुष्ट नजर आए और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा और पेयजल विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई।
नागौर के ताराचंद को मिले इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल के निर्देश
जनसुनवाई में नागौर से आए विशेष योग्यजन ताराचंद माली ने स्कूटी और इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल नहीं मिलने की समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उन्हें शीघ्र स्कूटी एवं इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
करौली के छात्र विशाल को मिले छात्रवृत्ति के निर्देश
करौली निवासी विशाल कुमार मीणा ने उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शीघ्र छात्रवृत्ति दिलाने के निर्देश देते हुए छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पोस्टरों का भी किया विमोचन
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा लाए गए पोस्टरों का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।























































