लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पवित्र माटी कलश लाने वाराणसी रवाना हुआ प्रतिनिधिमंडल
जयपुर | संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत प्रस्तावित पवित्र माटी कलश यात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से पवित्र माटी कलश को राजस्थान लाने, जयपुर आगमन पर उसके भव्य स्वागत तथा प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियों और जिम्मेदारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के उपरांत राजस्थान का प्रतिनिधिमंडल पवित्र माटी कलश लाने के लिए जयपुर से वाराणसी के लिए रवाना हुआ। प्रदेश में कलश यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और बंधुत्व का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव मिटाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और संगठन उनके आदर्शों एवं संदेश को प्रदेश के गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं।
बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सैनी, प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।














































