गर्मी में सुचारू पेयजल आपूर्ति के लिए अधिकारी रहें अलर्ट मोड पर: देवनानी

0
32
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क


नितिन मेहरा, वरिष्ठ संवाददाता (अजमेर/जोधपुर)

अजमेर। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गर्मी के मौसम को देखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (जलदाय विभाग) के अधिकारियों को अगले दो महीनों तक पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने शहर में निर्बाध और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन को पानी के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सप्लाई की सख्त मॉनिटरिंग की जाए। लापरवाही या पानी के प्रेशर से जुड़ी शिकायतें किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होंगी।

प्रमुख निर्देश

देवनानी ने पंचशील नगर, विकासपुरी, फ्रेंड्स कॉलोनी, शास्त्री नगर, शिव नगर, वरुण सागर रोड, काजीपुरा, गणपति नगर, नृसिंहपुरा, दयानंद कॉलोनी और पुष्कर रोड जैसे क्षेत्रों में तय समय सीमा के भीतर पर्याप्त दबाव के साथ जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पंचशील नगर ई-ब्लॉक स्थित पानी की टंकी से गणेश गुवाड़ी और ए-ब्लॉक को जोड़कर तत्काल पेयजल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

समर कंटिन्जेंसी प्लान पर फोकस

गर्मी से निपटने के लिए बनाए गए समर कंटिन्जेंसी प्लान के तहत नए ट्यूबवेल, हैंडपंप, पाइपलाइन इंटरकनेक्शन और जरूरत पड़ने पर टैंकरों से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। इन कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

️ टूटी सड़कों पर सख्ती

पाइपलाइन कार्यों के कारण टूटी सड़कों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने वैशाली नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी और पंचशील नगर में एक सप्ताह के भीतर सड़कों की मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को सुविधा देने के नाम पर असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

️ अधूरी योजनाओं में तेजी

अजमेर और केकड़ी में बर्स्ट ट्रांसफर सिस्टम और बल्क मीटर लगाने के कार्यों में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई गई। इन योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

रावत नगर, मिलिट्री स्कूल, ईदगाह और माकड़वाली में तैयार पानी की टंकियों को तुरंत चालू करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

शिकायत निवारण और नई योजनाएं

देवनानी ने कंट्रोल रूम में दर्ज पेयजल शिकायतों का अधिकतम दो दिनों में निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नगर निगम में शामिल नए क्षेत्रों में पेयजल सुविधा के लिए डीपीआर (DPR) तैयार करने और बजट घोषणाओं पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचंद्र राड़, सुनील बाकलीवाल सहित जलदाय विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here