लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार (झालावाड़)। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर झालावाड़ जिले के गंगधार कस्बे में धार्मिक आस्था और उत्साह का अनूठा माहौल देखने को मिला। छोटी कालीसिंध नदी के तट स्थित रामघाट चावड़ी बाजार से श्री कायावर्णेश्वर महादेव के लिए डाक कावड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
महाकाल मित्र मंडल एवं सोनु नीमा मित्र मंडल के तत्वावधान में एक ही दिन में दो डाक कावड़ यात्राओं का आयोजन किया गया। पहली डाक कावड़ यात्रा सुबह 8:30 बजे रवाना हुई, जो करीब 1 घंटा 20 मिनट में क्यासरा महादेव पहुंची। वहीं दूसरी डाक कावड़ यात्रा दोपहर 2:15 बजे निकाली गई, जिसने भी निर्धारित मार्ग तय करते हुए लगभग 1 घंटा 20 मिनट में गंतव्य तक पहुंचकर जलाभिषेक किया।
कावड़ यात्रा में करीब 60 से 70 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा का नेतृत्व महाकाल मित्र मंडल के अध्यक्ष जगदीश राठौर ने किया। इस दौरान युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और पूरे मार्ग में भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कस्बे के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने डाक कावड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर हौसला बढ़ाया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।





















































