लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
₹2,120.75 लाख की पेयजल योजना से 12 गांवों को मिलेगा लाभ, विधायक कोष से बने सार्वजनिक सभा भवन का भी लोकार्पण
सुमेरपुर (पाली)। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कीरवा में विकास कार्यों की नई शुरुआत हुई। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने ग्रामीण विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं।
मंत्री कुमावत ने विधायक कोष से नवनिर्मित सार्वजनिक सभा भवन का विधि-विधान के साथ लोकार्पण किया। इसके साथ ही क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए बजट घोषणा 2025-26 के तहत ₹2,120.75 लाख की पेयजल योजना का शिलान्यास किया।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत जेतपुरा तालाब से कीरवा तक 1.5 एमएलडी क्षमता का आधुनिक फिल्टर प्लांट बनाया जाएगा। योजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के 12 गांवों में पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
मामाजी महाराज मंदिर में किए दर्शन
कार्यक्रम से पहले कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने क्षेत्र के प्रसिद्ध मामाजी महाराज मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आमजन के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
“गांव, गरीब और किसान के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध”
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार ‘अंत्योदय’ के संकल्प के साथ गांव, गरीब और किसान के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि विधायक कोष से निर्मित सार्वजनिक सभा भवन ग्रामीणों के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा। यह भवन ग्रामीणों को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा।
मंत्री ने कहा, “पानी जीवन की सबसे मूलभूत आवश्यकता है। सुमेरपुर क्षेत्र के गांवों में शुद्ध पेयजल पहुंचाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ₹2,120.75 लाख की इस पेयजल योजना के माध्यम से आने वाले समय में 12 गांवों की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा।”
उन्होंने कहा कि जेतपुरा तालाब से कीरवा तक बनने वाला फिल्टर प्लांट क्षेत्र के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि योजना पूरी होने के बाद विशेष रूप से महिलाओं को पानी के लिए दूर तक नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
समारोह में पीएचईडी पाली के अधिशाषी अभियंता कान सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष खौड़ हुकम सिंह राजपुरोहित, कीरवा प्रशासक प्रतिनिधि मगराज सीरवी, रानी तहसीलदार अम्बाराम बोसिया, प्रशासक लाभूराम देवासी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता गंगा सिंह माहिचा, गुंदोज मंडल महामंत्री कूपाराम चौधरी, कीरवा प्रशासक घीसी देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लोक टुडे विशेष
कीरवा में शुरू हुई यह पेयजल परियोजना ग्रामीणों के लिए राहत की बड़ी उम्मीद लेकर आई है। आधुनिक फिल्टर प्लांट के निर्माण से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













































