लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गांव 4 ZWM निवासी युवक, जो घड़साना में फर्नीचर का कार्य करता था, की हत्या प्रेम संबंधों के चलते की गई। जांच में सामने आया कि युवक की पत्नी इंद्रा ने अपने प्रेमी प्रभुराम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
आरोपियों ने पहले युवक का अपहरण किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव और बाइक को इंदिरा गांधी नहर (IGNP) में फेंक दिया। युवक का शव फलोदी जिले के नोख थाना क्षेत्र में 1109 आरडी मादासर माइनर से बरामद हुआ था।
मामले की जांच कर रहे घड़साना थाना प्रभारी देवीलाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी इंद्रा और उसके प्रेमी प्रभुराम को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। यह हाल के दिनों में पत्नी द्वारा प्रेम संबंधों के चलते पति की हत्या का दूसरा मामला बताया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

















































