लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (विनोद सेन)। सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए पूर्वांचल जन चेतना चैरिटेबल ट्रस्ट, भीलवाड़ा ने “बिहार दिवस” के अवसर पर एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया है। यह शिविर 22 मार्च 2026, रविवार को प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक टांक भवन, अम्बेश हॉस्पिटल के पास, आजाद नगर, भीलवाड़ा में आयोजित होगा।
समिति के प्रभारी रजनीश वर्मा ने बताया कि इस शिविर में लगभग 1000 से अधिक मरीजों के पहुंचने की संभावना है। मरीजों को हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, किडनी एवं मूत्र रोग, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, अस्थि रोग, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, दंत चिकित्सा सहित कई विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक निःशुल्क जांच, परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराएंगे। साथ ही न्यूरोथैरेपी, होम्योपैथी, आयुर्वेद, योग और नैचरोपैथी के विशेषज्ञ भी परामर्श देंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सी.एम.एच.ओ.) कार्यालय और महात्मा गांधी हॉस्पिटल, भीलवाड़ा की विशेषज्ञ टीम भी शिविर में उपस्थित रहेगी। समिति ने बताया कि सभी मरीजों के लिए टेंट, बैठने की व्यवस्था, अल्पाहार एवं चाय-पानी की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर के दौरान बिहार दिवस के उपलक्ष्य में 50 विशिष्ट व्यक्तियों का समाज सेवा में योगदान के लिए सम्मान भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आमजन के लिए पारंपरिक “लिट्टी-चोखा” का स्वाद भी उपलब्ध होगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ बिहार की संस्कृति का आनंद भी लिया जा सके।
समिति ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं और प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई है, ताकि यह शिविर समाज सेवा का एक यादगार उदाहरण बन सके।



















































