भरतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हार्डकोर अपराधी विनोद पथैना गैंग गिरफ्तार

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भरतपुर। भरतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हार्डकोर अपराधी विनोद पथैना और उसके साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, देसी कट्टे, कारतूस, तलवार और बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गैंग किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।

मथुरा गेट थाना प्रभारी हरलाल मीणा ने बताया कि आईजी कैलाश विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव और सीओ सिटी नरेंद्र के निर्देशन में डीएसटी टीम की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सारस चौराहे स्थित एक होटल में विनोद पथैना अपने साथियों के साथ ठहरा हुआ है।

पुलिस टीम ने होटल पर दबिश देकर गैंग लीडर विनोद पथैना समेत उसके साथियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान विनोद पथैना के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, 12 कारतूस, होल्स्टर, तलवार और बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बुलेटप्रूफ जैकेट मिलने से आशंका है कि आरोपी पुलिस मुठभेड़ या किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी केशव के पास से भी एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं घनश्याम, गंगासहाय, जितेंद्र, अशोक और हाकिम को भी गैंग का सक्रिय सदस्य बताया गया है। मौके से जमीन विवाद से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि गैंग जमीन कब्जाने या किसी गंभीर अपराध की साजिश रच रहा था।

पुलिस के अनुसार होटल मालिक जगदीश भी इस गैंग से जुड़ा हुआ है और पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। कार्रवाई के दौरान वह मौके से फरार मिला, जिसकी तलाश जारी है।

थाना प्रभारी हरलाल मीणा ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 25 मई तक तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और संभावित आपराधिक योजना की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। साथ ही गैंग के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here