लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर बच्चों को पोलियो प्रतिरक्षक दवा पिलाकर प्रदेशव्यापी उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की प्रतिरक्षक दवा अवश्य पिलाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि पोलियो एक संक्रामक और गंभीर रोग है, जिससे बचाव केवल दो बूंद दवा से संभव है।
प्रदेशभर में व्यापक इंतज़ाम
अभियान के तहत जन्म से 5 वर्ष तक के एक करोड़ से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए प्रदेश में 58,823 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।
-
जो बच्चे रविवार को बूथ पर नहीं आ पाएंगे, उन्हें अगले दो दिनों तक स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर दवा पिलाएंगे।
-
अभियान के लिए 6,741 ट्रांजिट टीमें और 8,989 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” पोस्टर का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री ए. राठौड़, बच्चों के अभिभावक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















































