लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
9 से 15 नवंबर तक मनाया जाएगा जनजाति गौरव सप्ताह, जयपुर में हुई प्रदेश स्तरीय कार्यशाला
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क | जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में भगवान बिरसा मुंडा जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता में जनजाति समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना जीवन बलिदान करने वाले भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में घोषित कर देश की असली आत्मा को सम्मान देने का कार्य किया है। राठौड़ ने बताया कि 9 से 15 नवंबर तक जनजाति गौरव सप्ताह के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें राष्ट्रनायकों का गौरवगान किया जाएगा।
राठौड़ ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही जनजागरण का ऐसा आंदोलन खड़ा किया जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने विदेशी ताकतों और ईसाई मिशनरियों के प्रभाव का विरोध करते हुए भारतीय संस्कृति की रक्षा की। भाजपा ही एकमात्र ऐसी राजनीतिक शक्ति है जिसने जनजाति समाज के उत्थान के लिए ठोस योजनाएं धरातल पर लागू की हैं।
कार्यक्रम में राज्य के जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि रामायण और महाभारत काल से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक, जनजाति नायकों ने देश की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर सभी जिलों में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा जनजाति महापुरुषों की स्मृति में प्रतिमाएं और स्मारक भी बनाए जाएंगे।
उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने कहा कि कांग्रेस की जनजाति नीति अंग्रेजों की सोच पर आधारित थी, जबकि मोदी सरकार ने भारतीय चिंतन के अनुरूप जनजाति विकास का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे समाज के बीच जाकर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाएँ।
बैठक में पूर्व सांसद कनकमाल कटारा, पूर्व मंत्री हेमराज मीणा, सागवाड़ा विधायक शंकर ढेचा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश रावत और शेर सिंह मीणा ने किया, जबकि आभार अशोक मीणा ने व्यक्त किया।

















































