लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी में हुआ भव्य स्वागत, नुक्कड़ नाटक और सामूहिक वंदे मातरम् के साथ गौ सेवा व सफाई कर्मचारियों का सम्मान
समदड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के सोला नगर से वाराणसी के लिए निकली बाइक यात्रा के बालोतरा जिले में प्रवेश करने पर देवड़ा गांव में ग्रामीणों ने यात्रियों का स्वागत किया। करीब 250 यात्री 125 मोटरसाइकिलों पर अलग-अलग सड़क मार्गों से यात्रा कर रहे हैं।
काठाड़ी से बालोतरा जिले में प्रवेश करने के बाद बाइक यात्रा देवड़ा गांव पहुंची। यहां सरपंच प्रतिनिधि केसाराम डांगी, भाजपा मंडल महामंत्री इंद्र सिंह बलावत, सत्तर सिंह सहित ग्रामीणों ने बाइक सवारों का जलपान करवाया और मुंह मीठा कराकर यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
सोला नगर से वाराणसी तक की यात्रा
बाइक यात्रा में शामिल यात्रियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंबे समय तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और अब देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पड़ावों को जोड़ते हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत यह यात्रा निकाली गई है।
यात्रियों के अनुसार गुजरात का सोला नगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़ा स्थान है, जबकि वाराणसी उनकी लोकसभा सीट और कर्मभूमि है। यात्रा के दौरान एक ज्ञापन वाराणसी ले जाया जा रहा है। साथ ही वहां जल अर्पित किया जाएगा।
कई स्थानों पर होगा स्वागत
बाइक यात्रा काठाड़ी, महिलावास, मवड़ी, सिवाना, मेली, देवड़ा, करमावास, समदड़ी, कल्याणपुर और नागाणा धाम सहित विभिन्न स्थानों से होकर आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान कई जगह स्वागत कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और सामूहिक वंदे मातरम् का आयोजन किया गया।
समदड़ी में यात्रियों के सम्मान के साथ गौ सेवा का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया। ग्रामीणों ने बाइक यात्रियों का स्वागत कर उनके यात्रा मार्ग के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री इंद्र सिंह बलावत, सरपंच प्रतिनिधि केसाराम डांगी, सत्तर सिंह सहित गांव के गणमान्य नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे। यात्रा के दौरान सेवा, स्वच्छता, गौ सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।






















































