राजस्थानी मूल के IPS अरुण बोथरा से मिलकर , अपनायत से अभिभूत हुए पत्रकार

0
13
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

ओडिशा में अपणायत का रंग: पत्रकार दल को घर बुलाकर किया आत्मीय स्वागत,

पुराने पत्रकार साथियों और राजस्थान की यादों पर हुई लंबी चर्चा

भुवनेश्वर। राजस्थान से ओडिशा के भ्रमण पर पहुंचे पत्रकार दल ने जहां ओडिशा के विकास, कला, स्थापत्य, संस्कृति और मंदिरों को करीब से समझा, वहीं इस यात्रा के दौरान उन्हें अपनी ही माटी की ऐसी आत्मीयता देखने को मिली, जिसने पूरे दल को भावुक कर दिया।

राजस्थान मूल के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण बोथरा, जो वर्तमान में ओडिशा सरकार में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) के महत्वपूर्ण दायित्व पर कार्यरत हैं, को जब जानकारी मिली कि राजस्थान से पत्रकारों का दल भुवनेश्वर आया हुआ है, तो उन्होंने सभी पत्रकारों को अपने घर आमंत्रित किया। इसके बाद हुई मुलाकात महज एक औपचारिक भेंट नहीं रही, बल्कि राजस्थान की मिट्टी, संस्कृति और अपनत्व से जुड़ी आत्मीय बैठक में बदल गई।

बड़े पद पर होने के बावजूद वही राजस्थानी अपनापन

अरुण बोथरा ने पत्रकार दल का जिस तरह से स्वागत किया, उससे पत्रकार अभिभूत नजर आए। राजस्थानी मान-मनुहार, आत्मीय बातचीत और स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ उन्होंने मेहमानों का स्वागत किया। उनके सहज और सरल व्यवहार ने पत्रकारों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

एक ओर वे ओडिशा पुलिस में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजस्थान और अपने पुराने परिचितों से उनका जुड़ाव आज भी उतना ही आत्मीय दिखाई दिया।

मुलाकात के दौरान राजस्थान के पत्रकारिता जगत और पुराने साथियों को लेकर भी लंबी चर्चा हुई। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार आरके जैन, अपने गुरु समान वरिष्ठ पत्रकार ओम थानवी, मित्र रोहित परिहार, धीरज श्रीवास्तव सहित राजस्थान से जुड़े कई साथियों और परिचितों को याद किया।

पत्रकारिता से जुड़ा रहा है बोथरा का रिश्ता

अरुण बोथरा का पत्रकारिता से भी पुराना जुड़ाव रहा है। यही वजह रही कि पत्रकारों के साथ हुई बातचीत केवल प्रशासन और पुलिस तक सीमित नहीं रही, बल्कि पत्रकारिता के अनुभवों, पुराने साथियों और पेशेवर जीवन की यादों तक पहुंची।

उन्होंने अपने पत्रकारिता के दौर से जुड़े अनुभव भी साझा किए। लंबे समय बाद राजस्थान से आए पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान पुराने दौर की कई यादें ताजा हुईं। उनके छोटे भाई राजेंद्र जैन श्रीगंगानगर जिले के जाने माने पत्रकार है.

पीलीबंगा से ओडिशा तक राजस्थान की खुशबू

अरुण बोथरा राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा क्षेत्र से जुड़े हैं। राजस्थान से उनके पारिवारिक रिश्ते भी आज तक कायम हैं। उनका ससुराल जोधपुर में है, जबकि परिवार के सदस्य श्रीगंगानगर में भी रहते हैं। जलते दीप समूह के दीपक मेहता ने अरुण गोधरा जी को राजस्थान की प्रसिद्ध माणक पत्रिका की प्रति भेंट की

यही वजह है कि राजस्थान से आए पत्रकारों से मुलाकात उनके लिए भी विशेष रही। बातचीत के दौरान उन्होंने राजस्थान में अपने जीवन, पुराने परिचितों और पेशेवर जीवन से जुड़ी अनेक स्मृतियों को साझा किया।

राजस्थान आने का दिया न्योता

पत्रकार दल ने अरुण बोथरा को राजस्थान आने का निमंत्रण दिया। पत्रकारों ने उनसे आग्रह किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे अपनी मातृभूमि राजस्थान से उसी तरह जुड़े रहें और राजस्थान के लोगों के साथ अपने रिश्ते को और मजबूत करें।

पत्रकारों का कहना था कि किसी व्यक्ति की पहचान केवल उसके पद से नहीं होती, बल्कि उसकी जड़ों और लोगों से उसके संबंध भी उसकी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं।

धर्मेश भारती ने भेंट किया प्रतीक चिन्ह

इस आत्मीय मुलाकात के अवसर पर पीआईबी जयपुर के उप निदेशक धर्मेश भारती ने अरुण बोथरा को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मुलाकात के दौरान राजस्थान और ओडिशा के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और पत्रकारिता संबंधों को लेकर भी चर्चा हुई।

माटी और माटी के लोगों का रिश्ता कभी खत्म नहीं होता’

अरुण बोथरा से मुलाकात के बाद पत्रकार दल के सदस्यों ने महसूस किया कि व्यक्ति चाहे देश के किसी भी हिस्से में कितने ही बड़े पद पर पहुंच जाए, अपनी माटी और अपने लोगों से उसका रिश्ता दिल में हमेशा बना रहता है।

ओडिशा में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे बोथरा ने जिस आत्मीयता के साथ राजस्थान से आए पत्रकारों के लिए समय निकाला, पुराने साथियों को याद किया और राजस्थान-ओडिशा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की, वह इस मुलाकात को खास बना गया।

पत्रकार दल ने अरुण बोथरा और उनके परिवार का आत्मीय स्वागत एवं राजस्थानी अंदाज में की गई मेहमाननवाजी के लिए आभार व्यक्त किया। यह मुलाकात ओडिशा यात्रा की उन यादों में शामिल हो गई, जिसमें पत्रकारों को विकास और संस्कृति के साथ-साथ अपनी माटी की खुशबू और अपणायत भी महसूस हुई।

- Advertisement -
Previous articleमहर्षि दधीचि जयंती पर गूंजा त्याग और समाजसेवा का संदेश 
loktodaynews
लोक टूडे न्यूज " जनता की आवाज " देश की खबरों का एक मात्र वेब पोर्टल है। इस न्यूज पोर्टल के माध्यम से लोगों की आवाज को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाना ही प्रमुख लक्ष्य है। खबरें निष्पक्ष और बगैर किसी पूर्वाग्रह के प्रकाशित की जाएगी। लोक टुडे के नाम से दैनिक और पाक्षिक समाचार पत्र भी है। यू ट्यूब चैनल भी चलाया जा रहा है। आपका सहयोग अपेक्षित है। आप भी खबर , फोटो यहां भेज सकते हैं। आप वैबसाइट और पेपर से जुड़ने के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते है। 9829708129, 8209477614,neerajmehra445@gmail.com, loktodaynews@gmail.com प्रधान संपादक नीरज मेहरा जयपुर।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here