लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विद्यार्थियों ने कौशल विकास व रचनात्मकता से जुड़े स्टॉल लगाकर दिखाई प्रतिभा
पीसांगन (अजमेर)। स्थानीय संवाददाता – ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन (अजमेर)। प्रदेशभर के साथ उपखंड क्षेत्र के रामपुरा डाबला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्या की देवी मां सरस्वती के प्राकट्य दिवस बसंत पंचमी के पावन अवसर पर मेगा पीटीएम के साथ निपुण मेले का आयोजन किया गया।
मेले का शुभारंभ पीईईओ रीता जैन की देखरेख में प्रशासक सीमा चौधरी द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी शिक्षकों से प्राप्त की तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संवाद का सीधा प्रसारण भी देखा।
निपुण मेले में विद्यार्थियों ने शैक्षणिक, कौशल विकास एवं रचनात्मकता से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाकर अपने ज्ञान, कौशल, प्रतिभा और नवाचार का प्रदर्शन किया। नौनिहालों की प्रस्तुतियों ने प्रशासक सीमा चौधरी, अभिभावकों एवं शिक्षकों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर प्रशासक सीमा चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर आयोजित निपुण मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने, लिखने एवं संख्या ज्ञान जैसे बुनियादी कौशल का विकास करना है। साथ ही यह पहल बच्चों के समग्र विकास हेतु बौद्धिक, भाषाई एवं कलात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर खेल-कूद गतिविधियों, टीएलएम, चार्ट व पोस्टर के माध्यम से शिक्षण से बच्चों की रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासक सीमा चौधरी, पीईईओ रीता जैन, प्राध्यापक दीपिका वैष्णव, रामपाल रेगर, पप्पूराम चौयल, शारीरिक शिक्षक रविंद्र चौधरी, संजू भोगावत, शोभा शर्मा, अनूप सयानी, सुनीता मुरार, मोहनलाल गुर्जर, दीपक बैरवा, हुकमाराम जाट, अबरार अहमद, रेखा छिपा सहित अन्य शिक्षकों एवं अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन किया और खरीददारी कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।















































