लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। वित्त वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं की क्रियान्विति को लेकर जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को बजट घोषणाओं को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने नव स्थापित कार्यालयों, सार्वजनिक भवनों के लिए भूमि आवंटन एवं चिन्हीकरण के कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कृषि विभाग को सहायक कृषि अधिकारी कार्यालय, मंडी सचिव को गौण मंडी यार्ड, पशुपालन विभाग को पशु चिकित्सालय निर्माण, कला एवं संस्कृति विभाग को पैनोरमा कार्य, वन विभाग को नमो नर्सरी स्थापना, पुलिस विभाग को कारागृह कार्य, सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण, रेलवे ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार शिक्षा विभाग को जिले में व्यवसायिक शिक्षा लागू करने एवं ग्रीन स्कूल कार्यक्रम हेतु विद्यालयों का चयन करने तथा स्किल डेवलपमेंट योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए कहा गया। उन्होंने सभी अधिकारियों को विभागीय घोषणाओं की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आ रही समस्याओं से अवगत कराने के निर्देश दिए।
पंचायतीराज चुनाव तैयारियों की समीक्षा
बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं, मतदान दलों की रवानगी, कंट्रोल रूम स्थापना, प्रशिक्षण, वाहन व्यवस्था, अधिकृत वाहनों के भुगतान, वीडियोग्राफी, दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं, मतपेटियों की सुरक्षा, नामांकन प्रक्रिया तथा एमसीएमसी सेल गठन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
















































