लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड क्षेत्र के बनेठा पंचायत मुख्यालय पर ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों पर शिविर प्रभारी तहसीलदार पूजा मीणा ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
शिविर में ग्रामीणों ने बनेठा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियुक्त चिकित्सक के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि उपचार के लिए आने वाले मरीजों के साथ चिकित्सक का व्यवहार संतोषजनक नहीं है और इलाज में भी आनाकानी की जाती है। इस पर तहसीलदार पूजा मीणा ने चिकित्सक को मरीजों के साथ शालीन व्यवहार करने तथा समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने वन विभाग के कर्मचारियों पर वन भूमि से मिलीभगत कर अवैध रूप से जंगल कटवाने का भी आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी। इस मामले में वन विभाग के अधिकारी को शिविर में बुलाया गया, लेकिन अधिकारी अनुपस्थित रहे। विभाग की ओर से उपस्थित महिला वनरक्षक भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सकीं।
इसके अलावा ग्रामीणों ने बनेठा से धीकोलिया, बनेठा से अलीगढ़ तथा बनेठा से चौथ का बरवाड़ा तक रोडवेज बस सेवा शुरू कराने की मांग रखी। इस पर शिविर प्रभारी ने रोडवेज के मुख्य प्रबंधक को पत्र लिखने का आश्वासन दिया।
शिविर में ककोड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष महावीर गुर्जर, सीआर नरेंद्र सैनी, अलीगढ़ मंडल अध्यक्ष महावीर पालीवाल और ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष विष्णु जांगिड़ ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर विकास अधिकारी शंकरलाल, अतिरिक्त विकास अधिकारी मदनलाल रैगर, ग्राम विकास अधिकारी मुकेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।











































