लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार के निर्णयों से प्रदेश की विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है। उन्होंने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को रबी सीजन में किसानों को पर्याप्त और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विद्युत उत्पादन और वितरण में संतुलन बनाए रखने के लिए स्थायी योजना तैयार करने और फील्ड विजिट बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सौर ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज के लिए नवीन संभावनाओं का अध्ययन करने पर जोर दिया। इसके अलावा, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के संचालन में प्रगति लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में ऊर्जा विभाग की ओर से प्रदेश में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति का प्रेजेंटेशन दिया गया। इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और ऊर्जा विभाग के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।













































