लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां: कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों सरसों की फसल पूरे शबाब पर है। दूर-दूर तक फैले खेत पीले फूलों की चादर से जगमगा उठे हैं, जिसने पूरे अंचल को प्राकृतिक सुंदरता से भर दिया है।
किसानों का कहना है कि अनुकूल मौसम, समय पर बुवाई और नियमित देखरेख के चलते फसल की बढ़वार संतोषजनक है। क्षेत्र के किसान नरसाराम, रामस्वरूप गोरा और दीपेंद्र सिंह ने बताया कि वे प्रतिदिन सुबह खेतों में जाकर निराई-गुड़ाई, सिंचाई और अन्य आवश्यक कृषि कार्य समय पर कर रहे हैं, जिससे पौधों का विकास बेहतर हो रहा है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, सरसों की फूल अवस्था फसल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इस दौरान पर्याप्त सिंचाई और पोषक तत्व मिलने से दाना भराव अच्छा होता है, जिससे उत्पादन बढ़ता है और किसानों को बेहतर लाभ मिलता है।
सरसों की लहलहाती फसल देखकर क्षेत्र के किसान उत्साहित हैं और उनका मानना है कि यदि मौसम अनुकूल बना रहा, तो इस बार सरसों की पैदावार अच्छी रहने की पूरी उम्मीद है।













































