लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा | सत्यनारायण सेन गुरला: जिले के मांडल थाना क्षेत्र अंतर्गत लुहारिया के समीप गेगास इलाके में गुरुवार को प्रशासन ने अवैध कोयला माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 से अधिक अवैध कोयला भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। इस सख्त कदम से क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान मांडल तहसीलदार, पुलिस अधीक्षक राहुल जोशी, मांडल व बागोर थाना प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर (पीला पंजा) की मदद से लंबे समय से अवैध रूप से संचालित भट्टियों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया।
प्रशासन ने बताया कि जिले के मांडल, आसींद, कोटड़ी, गुलाबपुरा, रायला और बनेड़ा क्षेत्रों में पहले भी इस प्रकार की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन माफिया दोबारा सक्रिय हो जाते हैं। इसको देखते हुए अब लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की रणनीति अपनाई जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध कोयला कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अवैध कार्यों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे।


















































