लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया) ।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर और राज्य मंत्री मंजू बाघमार ने कार्यकर्ता सुनवाई करते हुए सरकार की जन–सेवा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की समस्याएँ सुनीं और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि आज की सुनवाई में 100 से अधिक प्रकरण सामने आए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय में विभिन्न मंत्रियों के लिए विभागवार सुनवाई दिवस तय किए गए हैं, जिससे कार्यकर्ताओं को अपनी समस्याएँ प्रस्तुत करने का सुगम अवसर मिलता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सोमवार, मंगलवार और बुधवार को सुबह 9 से 11 बजे तक प्रदेश का कोई भी नागरिक मंत्रियों से उनके निवास पर प्रत्यक्ष रूप से मिल सकता है। जन सुनवाई पूर्व की भांति सुचारू रूप से जारी है और यह सुविधा सभी के लिए समान रूप से उपलब्ध है।
राज्य मंत्री मंजू बाघमार ने कहा कि पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई व्यवस्था शुरू करना सरकार का सकारात्मक और जन–केन्द्रित कदम है। इससे कार्यकर्ताओं और आम जनता में सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपनी समस्याएँ पूरी आशा के साथ मंत्रियों के सामने रख रहे हैं और उनका त्वरित समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह व्यवस्था सरकार की पारदर्शिता और जनता के प्रति समर्पण को मजबूती देती है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर और महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम ने बताया कि आगामी कार्यकर्ता सुनवाई 8 दिसंबर (सोमवार) को उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा करेंगे।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति मिर्धा और महामंत्री कैलाश मेघवाल भी उपस्थित रहेंगे। कार्यकर्ता अपनी समस्या मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी या प्रदेश पदाधिकारी की अनुशंसा के साथ ही प्रस्तुत कर सकेंगे।

















































