लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सेमारी (सलूंबर)।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अवधेश मीना ने मंगलवार शाम जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2025 के संबंध में चर्चा की।
उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में सभी दलों से समुचित सहयोग देने की अपील की ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सके।
कलेक्टर मीना ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नई प्रविष्टियाँ जोड़ी जाएंगी, त्रुटिपूर्ण नाम हटाए जाएंगे और मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें और पात्र नागरिकों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा मतदाताओं की मैपिंग का कार्य जारी है और किसी भी प्रकार की भ्रामक या झूठी अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। यदि ऐसी कोई जानकारी सामने आए तो तत्काल संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को सूचित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान केंद्रों, बीएलए नियुक्ति, प्रथम एवं द्वितीय अपील, और दस्तावेज सत्यापन से जुड़े सभी कार्यों की समीक्षा की जा रही है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम डॉ. दिनेश राय सापेला, फिरोज अली, अमोल अहारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
डॉ. सापेला ने प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
बैठक के अंत में राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप आदि) के माध्यम से इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और एसआईआर अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ।















































