लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे और आसपास के ग्रामीण अंचल में मंगलवार को दीपावली पर्व बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। दिनभर बाजारों में भीड़ उमड़ी और रात तक बाजार जगमगाते रहे। घरों और मंदिरों को नई प्रकार की रोशनी और मिट्टी के दीपकों से सजाया गया।
दीपावली के दिन लक्ष्मी माता और गणेश जी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। सभी ने नए वस्त्र पहनकर भगवान को भोग अर्पित किया और परिवार की खुशहाली की कामना की। बच्चों और युवाओं ने फुलझड़ी और आतिशबाजी कर पर्व का आनंद लिया। ग्रामीणों ने सरपंच और प्रतिनिधियों के साथ सामूहिक मिलन कर देवस्थान में दर्शन किए और गांव की खुशहाली की प्रार्थना की।
गोवर्धन पूजा का पर्व भी बड़े उत्साह से मनाया गया। महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर भगवान गोवर्धन की विशेष पूजा की और मंगल गीत गाकर परिवार की समृद्धि की कामना की। घरों के बाहर गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर फूलों और रंगोली से सजाया गया। मंदिरों में अन्नकूट तैयार किया गया और भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया।
अगले दिन सुबह रामाश्यामा का दौर शुरू हुआ, जहां लोग नए वस्त्र पहनकर बड़े बुजुर्गों से प्रणाम कर एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते नजर आए। घरों और मंदिरों में पूजा विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुई और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और खुशहाली का माहौल रहा।













































