लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
देर रात मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री, प्रभावितों को हरसंभव राहत देने के निर्देश
हादसे की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार देर रात सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रोमा एवं अस्थि रोग संस्थान के न्यूरोसर्जरी आईसीयू-1 में इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग की घटना पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री शर्मा स्वयं देर रात घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों एवं अधिकारियों को प्रभावितों को तुरंत राहत देने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। शर्मा ने कहा, “दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार परिजनों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध करवाई जाएगी।”
मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस हादसे की जांच के लिए आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा विभाग इकबाल खान की अध्यक्षता में 6 सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति आग लगने के कारणों, राहत एवं बचाव कार्यों की व्यवस्था तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपायों पर विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा, उपचार और प्रभावितों की देखभाल राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














































