लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने टोडारायसिंह में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के युवाओं के साथ बड़ा धोखा किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार, पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन के दौरान हुई पेपरलीक और फर्जीवाड़े की परतें खोल रही है।
पेपरलीक पर कार्रवाई बनी आधार
सीएम शर्मा ने बताया कि एसआई भर्ती परीक्षा 2021 के संबंध में हाईकोर्ट के फैसले का आधार भी हमारी सरकार की कार्रवाई बनी। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इस भर्ती में पेपरलीक को लेकर वर्ष 2023 तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे युवाओं को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही 16 दिसंबर को एसआईटी का गठन किया गया। इसके बाद एसओजी ने 56 ट्रेनी एसआई समेत कई दोषियों को गिरफ्तार किया।
कांग्रेस शासन में युवाओं से छल
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया और उन्हें रुलाने का काम किया। वहीं भाजपा सरकार ने पिछले डेढ़ साल में एक भी पेपर लीक नहीं होने दिया।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया
सीएम शर्मा ने आश्वस्त किया कि उनकी सरकार पूरी पारदर्शिता से परीक्षाएं आयोजित कर समय पर युवाओं को रोजगार दे रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में पूरे वर्ष का परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है ताकि युवाओं को तैयारी में सुविधा मिल सके।














































