लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
रियांबड़ी, भेरूंदा और डेगाना में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा; पादूकलां थाना क्षेत्र के गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर भयमुक्त मतदान की अपील
पादूकलां, नागौर। पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए नागौर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सरपंच और वार्ड पंच चुनावों के मद्देनजर पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। नागौर पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी ने रियांबड़ी, भेरूंदा और डेगाना क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए पादूकलां थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पुलिस-प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। 
रियांबड़ी और भेरूंदा क्षेत्र में पुलिस तथा राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) के जवानों ने सुरक्षा की कमान संभाली। पुलिस की सक्रियता के जरिए चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की तैयारी की जा रही है।
भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। साथ ही चुनाव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चुनाव संबंधी अनियमितता या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयास की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधिकारी और जवान रहे मौजूद
फ्लैग मार्च और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के दौरान डीएसपी धर्मवीर पूनिया, डीएसपी विकास कुमार, डीएसपी महेंद्र कुमार, पादूकलां थानाधिकारी देवीलाल बिश्नोई, मनोज माचरा, जसनगर थानाधिकारी भारमल और आसूचना अधिकारी गोविंद ताड़ा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
पंचायत चुनाव को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।






















































