लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया ) जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के प्रवर्तन दस्ते ने जोन-17 में कार्रवाई करते हुए करीब दो बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर बसाई जा रही नवीन अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। जेडीए की कार्रवाई से अवैध कॉलोनी बसाने के प्रयास को प्रारंभिक स्तर पर ही विफल कर दिया गया।
बिना अनुमति बनाई जा रही थी कॉलोनी
उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि जोन-17 के क्षेत्राधिकार में ग्राम गोविन्दपुरा, तहसील रामपुरा डाबरी, जिला जयपुर में करीब दो बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर जेडीए की स्वीकृति-अनुमोदन और भूमि रूपांतरण के बिना कॉलोनी बसाने की तैयारी की जा रही थी।
भूमि को समतल कर मिट्टी-ग्रेवल की सड़कें बनाई गई थीं और अन्य अवैध निर्माण भी किए जा रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर जेडीए के प्रवर्तन दस्ते ने कार्रवाई की।
जेसीबी से सड़कें और निर्माण ध्वस्त
प्रवर्तन अधिकारी जोन-17 एवं 16 की मौजूदगी में जोन-17 के राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ की निशानदेही पर प्रवर्तन दस्ते ने जेसीबी मशीन और मजदूरों की सहायता से अवैध निर्माण एवं सड़कें ध्वस्त कर दीं। जेडीए अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई प्रारंभिक स्तर पर किए जाने से नवीन अवैध कॉलोनी बसाने के प्रयास को विफल कर दिया गया।
जेडीए की ओर से बताया गया कि ध्वस्तीकरण कार्रवाई में हुए खर्च की नियमानुसार संबंधित व्यक्ति से वसूली की जाएगी।
अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई
कार्रवाई मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन-प्रथम के पर्यवेक्षण में उपनियंत्रक प्रवर्तन-प्रथम, प्रवर्तन अधिकारी जोन-17 एवं 16 तथा प्राधिकरण में उपलब्ध जाप्ते, लेबर गार्ड और जोन में पदस्थापित राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ की मौजूदगी में की गई।

















































