लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दोपहर से शुरू हुई तेज बारिश से निचली गलियों और न्यू मार्केट में भरा पानी, खरीफ फसलों को मिला फायदा; बांधों में भी पानी की आवक
उनियारा। कस्बे सहित उपखंड क्षेत्र के कई हिस्सों में दोपहर से शुरू हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। पिछले कई दिनों से तेज उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने बारिश के बाद राहत की सांस ली।
सड़कें और निचली गलियां जलमग्न
सावन-भादो की झमाझम बारिश के कारण उनियारा कस्बे की कई सड़कें और निचली गलियां पानी से भर गईं। न्यू मार्केट क्षेत्र में भी जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या के चलते कई जगहों पर पानी जमा हो गया।
खरीफ फसलों को मिला नया जीवन
बारिश से खेतों में पानी भरने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। बाजरा, मक्का, मूंग, उड़द और तिल जैसी खरीफ फसलों को बारिश से अच्छा फायदा मिलने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि फसलों के लिए इस समय बारिश बेहद उपयोगी साबित होगी।
बांधों में भी बढ़ी पानी की आवक
लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के बांधों और जलाशयों में भी पानी की आवक शुरू हो गई है। इससे जलस्रोतों में पानी का स्तर बढ़ने की उम्मीद है।
अगले 24 से 48 घंटे बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार टोंक सहित पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटों तक रुक-रुककर बारिश और तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बारिश का सिलसिला जारी रहने से क्षेत्र में मौसम और सुहाना होने के साथ जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ सकती है।
रिपोर्ट: दुर्योधन मयंक, उनियारा


















































