लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ऑटो में छूट गया था चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल से भरा बैग; रेल चौकी प्रभारी एएसआई ब्रजलाल की तत्परता से मिला सामान
भरतपुर। भरतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली का परिचय देते हुए गुजरात से उत्तर प्रदेश जा रहे एक दंपती का लाखों रुपये मूल्य के सामान से भरा बैग महज एक घंटे में तलाश कर सुरक्षित वापस सौंप दिया। पुलिस की इस मुस्तैदी पर यात्रियों ने भरतपुर पुलिस और विशेष रूप से रेल चौकी प्रभारी एएसआई ब्रजलाल का आभार जताया।
रेल चौकी प्रभारी एएसआई ब्रजलाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कतकपुर निवासी अमन और उनकी पत्नी आरती गुजरात में कार्यरत हैं। परिवार में शोक की सूचना मिलने पर दोनों ट्रेन से अपने गांव लौट रहे थे। भरतपुर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वे ऑटो से हीरादास के लिए रवाना हुए। जल्दबाजी में उन्होंने अपना बैग ऑटो में ही छोड़ दिया और गंतव्य पर पहुंचने के बाद उन्हें बैग गायब होने का पता चला।
काफी तलाश के बाद दोनों रेल चौकी पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैग में चांदी की पायल, चुटकी, नकदी, दो मोबाइल फोन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।
शिकायत मिलते ही एएसआई ब्रजलाल ने बिना देरी किए बैग में मौजूद मोबाइल नंबरों के आधार पर कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी के माध्यम से एसपी कार्यालय से मोबाइल की लोकेशन निकलवाई गई। कुछ ही देर में मोबाइल की लोकेशन कमला रोड स्थित नमक कटरा क्षेत्र में मिली।
लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बैग को सुरक्षित बरामद कर रेल चौकी लेकर आई। जांच के दौरान बैग में रखा पूरा सामान सुरक्षित मिला, जिसके बाद उसे विधिवत दंपती को सौंप दिया गया।
अपना कीमती सामान वापस मिलने पर अमन और आरती ने भरतपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनकी बड़ी चिंता दूर कर दी। उन्होंने एएसआई ब्रजलाल की संवेदनशीलता, सतर्कता और तत्परता की विशेष सराहना की।
भरतपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि समय पर और प्रभावी पुलिसिंग से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव है।














































