लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
800 अभिभावकों और विद्यार्थियों ने जाना पुष्कर का पौराणिक महत्व
किशनगढ़ रेनवाल। शहर के पचार रोड स्थित सिद्धिविनायक इंटरनेशनल एकेडमी की ओर से विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए एक दिवसीय नि:शुल्क शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। शनिवार देर रात संपन्न हुए इस शैक्षणिक दौरे में करीब 800 अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने तीर्थराज पुष्कर, किशनगढ़ स्नो वर्ल्ड तथा सुरसुरा स्थित वीर तेजाजी महाराज के मंदिर का भ्रमण कर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी प्राप्त की।
संस्था के निदेशक रमेश कुमार कुमावत ने बताया कि विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष अभिभावकों के साथ विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया जाता है, ताकि बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो सके। इस वर्ष नौ बसों के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों को भ्रमण पर ले जाया गया।
भ्रमण दल को गोविंद संस्थान के अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्रवण बुरड़क, कांग्रेस युवा पार्षद महेंद्र सुल्तानिया, डॉ. दिनेश कुमावत, सुरेश नेहरा तथा बसंत शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुष्कर स्थित भगवान ब्रह्मा के विश्व प्रसिद्ध मंदिर के दर्शन किए और पुष्कर सरोवर के धार्मिक एवं पौराणिक महत्व को जाना। इसके बाद उन्होंने किशनगढ़ के स्नो वर्ल्ड का भ्रमण कर वहां की विशेषताओं को करीब से देखा। यात्रा के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने अजमेर जिले के सुरसुरा स्थित वीर तेजाजी महाराज की निर्वाण स्थली पहुंचकर दर्शन किए और लोकदेवता तेजाजी के जीवन एवं सांस्कृतिक विरासत की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा कुमावत एवं अनु कंवर ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों को पाठ्य पुस्तकों में पढ़ी गई जानकारियों को वास्तविक जीवन से जोड़ने का अवसर मिलता है, साथ ही उनकी सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक समझ भी विकसित होती है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जाते रहेंगे।















































